यूपी – गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में हरित क्षेत्र विस्तार एवं पर्यावरण सुधार के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस क्रम में संजयनगर योजना स्थित शिल्प उद्यान में प्राधिकरण के सचिव द्वारा पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर अपर सचिव, वित्त नियंत्रक, विशेष कार्याधिकारी-1 एवं 2 तथा मुख्य अभियंता सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिसमें प्राकृतिक संसाधनों, वन, झीलों, नदियों एवं वन्य जीवों के संरक्षण का संकल्प शामिल रहा।
कार्यक्रम में भू-जल संरक्षण हेतु रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्राकृतिक जलाशयों का पुनर्जीवन, वृक्षों के अवैध कटान पर रोक तथा प्रदूषण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष बल दिया गया।
प्राधिकरण द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1,50,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से 1,00,000 पौधे स्वयं प्राधिकरण द्वारा तथा शेष लक्ष्य जनसहभागिता से पूर्ण किया जाएगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लगभग 1,000 पौधे लगाए गए।
प्राधिकरण ने नागरिकों से भी पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।






