यूपी – गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं संस्थान के सदस्यों ने पौधे लगाकर वर्ष 2026 की थीम ‘क्लाइमेट एक्शन’ के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि ‘क्लाइमेट एक्शन’ का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती को देखते हुए प्रकृति के साथ संतुलन बनाना समय की आवश्यकता है।
डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ, हरित और टिकाऊ जीवनशैली अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला अभियान होना चाहिए। इसी उद्देश्य से संस्थान में समय-समय पर वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी तक हरियाली पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर संस्थान के सभी विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।






