यूपी – गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आरकेजी ग्लोबल स्कूल में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए और सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने तथा हरियाली को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया।
कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन भी प्रदान करते हैं। विद्यालय परिवार ने विश्व पर्यावरण दिवस को उत्साहपूर्वक मनाते हुए समाज को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया।






