यूपी – शाहजहांपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में बृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। वन विभाग एवं जिला गंगा समिति द्वारा विकास खंड ददरौल के संविलयन विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने हरिशंकरी पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्कूली बच्चों को फलदार पौधे वितरित किए तथा चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया।

नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में एक ही दिन में 8 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं, जबकि इस वर्ष 44 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित है।
ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने नागरिकों से पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में 8.64 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है तथा इस वर्ष “बजरंग वन” विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में केसी मिश्रा, डीपीएस राठौर, शिल्पी गुप्ता, उत्कर्ष द्विवेदी, देवेंद्र कुमार, सचिन कुमार, डॉ. सुशील कुमार और डॉ. विनय कुमार सक्सेना सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






