यूपी – लखनऊ। सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर गाजियाबाद के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जूना अखाड़ा की 13 मढ़ी के अध्यक्ष नारायण गिरि महाराज तथा नैमिषाचार्य पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर विद्या चेतन महाराज ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित आवास पर भेंट कर जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नारायण गिरि महाराज, महामंडलेश्वर विद्या चेतन महाराज एवं आदित्य दीक्षित ने मुख्यमंत्री को पटका पहनाकर, रुद्राक्ष की माला तथा भगवान दूधेश्वर का प्रसाद भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नारायण गिरि महाराज एवं विद्या चेतन महाराज को चादर ओढ़ाकर तथा भगवान कृष्ण की कांस्य प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। बाद में सभी ने साथ बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
नारायण गिरि महाराज ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। वहीं महामंडलेश्वर विद्या चेतन महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के तीर्थ स्थलों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।






