यूपी – गाजियाबाद। हिंदू युवा वाहिनी के मुख्य संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को हिंदू युवा वाहिनी गाजियाबाद जिला एवं महानगर इकाई द्वारा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत चौपला मंदिर स्थित तेली वाली गली में भगवान वाल्मीकि मंदिर पर विशेष हवन-पूजन से हुई। हवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुति दी गई। इसके बाद घंटाघर स्थित अनाज मंडी में राहगीरों एवं आमजन के लिए मीठे जल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं।
हिंदू युवा वाहिनी महानगर गाजियाबाद के निवर्तमान महानगर संयोजक संजीव वाल्मीकि ने बताया कि संगठन द्वारा सेवा, संस्कार और समाज हित के कार्य निरंतर किए जाते हैं तथा इसी क्रम में जन्मोत्सव के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक लोगों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।






