यूपी – गाजियाबाद/लोनी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव अकबर चौधरी ने गनौली गांव निवासी ओमकार (ओमन) के परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ओमकार के कथित अपहरण का मामला प्रदेश की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
अकबर चौधरी ने कहा कि उपलब्ध समाचार रिपोर्टों के अनुसार 30 मई 2026 को लोनी क्षेत्र में ओमकार पर फायरिंग की गई, जिसके बाद उन्हें जबरन वाहन में ले जाया गया। कई दिन बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ओमकार की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस दौरान पंडित सुनील शर्मा (जिला अध्यक्ष, सेवादल कांग्रेस), अजय शर्मा (नगर अध्यक्ष, लोनी कांग्रेस), अरविंद गौतम (जिला अध्यक्ष, दलित कांग्रेस), गुलफाम चौधरी, इमरान चौधरी, गोलू चौधरी, उमर तथा अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






