यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री तथा जनपद गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने प्रथम जनपद दौरे पर विकास भवन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, विधायक नंद किशोर गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जीडीए सचिव विवेक मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, जल निकासी, सड़क निर्माण, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में दुग्ध विकास विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली निर्मला देवी, पुष्पा देवी, सुनीता, रूबी, मीनू, शालिनी, शहीदा, वकीला और कमलेश को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।






