यूपी – गाजियाबाद, भारतीय मजदूर संघ के सह विभाग प्रमुख बिजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पंजाब बेवल कंपनी के कर्मचारियों ने नवागत उपश्रम आयुक्त दिव्य प्रताप सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में कार्यकारिणी अध्यक्ष साधु शरण प्रसाद, महामंत्री रामायण यादव तथा कोषाध्यक्ष बसंत यादव अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। इस दौरान सह विभाग प्रमुख बिजेंद्र कुमार के साथ प्रभुनाथ, श्याम सिंह, ओम प्रकाश एवं हिन्द मजदूर सभा से अनिल गिरी भी मौजूद रहे।
उपश्रम आयुक्त दिव्य प्रताप सिंह ने सभी का परिचय प्राप्त किया और कहा कि गाजियाबाद में किसी भी श्रमिक को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन सदैव श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहेगा तथा सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद सभी श्रमिक प्रतिनिधियों ने नवनियुक्त उपश्रम आयुक्त के प्रति विश्वास व्यक्त किया और श्रमिक हितों के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह का संचालन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित सभी लोगों ने इसे सकारात्मक एवं प्रेरणादायक बताया।






