यूपी – गाजियाबाद, हिन्दी भवन समिति, लोहिया नगर, गाजियाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर आधारित नाटक “राष्ट्र सेवक डॉक्टर हेडगेवार” का भव्य मंचन श्री उमापति ग्रुप द्वारा किया गया। इस नाटक का लेखन एवं निर्देशन एस.पी. सिंह सेंगर ने किया। आयोजन में मेरठ प्रांत के कार्यवाहक, विभाग प्रचारक, हिन्दी भवन अध्यक्ष, महामंत्री सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

नाटक में डॉ. हेडगेवार के बाल्यकाल, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, असहयोग आंदोलन के दौरान एक वर्ष की कारावास एवं 9 माह की जेल यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। उनके द्वारा कांग्रेस में रहते हुए भी स्वतंत्रता आंदोलन की दिशा पर चिंतन तथा संगठित समाज की आवश्यकता को प्रमुखता से दर्शाया गया।
हेडगेवार की भूमिका में विवेक कविश्वर, गर्वित गौड़ एवं दक्ष ने उनके बाल्य, युवा एवं प्रौढ़ जीवन को जीवंत किया। राघवेन्द्र तिवारी ने पत्रकार की भूमिका निभाई, वहीं गुरुजी एवं गांधीजी के किरदारों को भी कलाकारों ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों में प्रवीण, दीप, नीतेश और राज के अभिनय की सराहना हुई।
मुख्य अतिथि प्रेम जी, मेरठ प्रांत संघ चालक रहे। विशिष्ट अतिथियों में देवेंद्र विभाग कार्यवाह एवं अतुल विभाग प्रचारक उपस्थित रहे। संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस नाटक को दर्शकों ने अत्यंत सराहा।






