यूपी – गाजियाबाद, 3 जून 2026 को विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आईएमए के चिकित्सकों एवं कर्म योग स्टूडियो ग्रुप के राइडर्स द्वारा 8 किलोमीटर वॉक एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने गार्गी अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई गई टी-शर्ट पहनकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत के प्रति जागरूक करना था।
आईएमए अध्यक्ष अल्पना कंसल ने कहा कि नियमित साइकिल चलाना शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। रिजवान खान ने बताया कि यह हृदय एवं फेफड़ों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुकेश ग्रोवर ने कहा कि साइकिल परिवहन का ऐसा साधन है जो ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण कम करने में भी प्रभावी है और यह सतत जीवनशैली को बढ़ावा देता है।
रैली में बड़ी संख्या में चिकित्सकों एवं साइकिल प्रेमियों ने भाग लिया और समाज को स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। राजीव त्यागी, सारिका जैन और अरुणा अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आईएमए टीम 25-26 की सक्रिय भागीदारी रही और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






