यूपी – गाजियाबाद। विद्यार्थियों को परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली की बेहतर समझ और उत्तर लेखन कौशल विकसित करने के उद्देश्य से ई-होम ट्यूटर्स द्वारा संचालित राइट राइट इंस्टीट्यूट में सीबीएसई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) एवं प्रभावी हस्तलेखन विषय पर सात दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

संस्था के निदेशक एवं हैंडराइटिंग ट्रेनर सौरभ गर्ग ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में पहली बार व्यापक स्तर पर ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली का उपयोग कर रहा है। इस प्रक्रिया में उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर परीक्षकों द्वारा कंप्यूटर स्क्रीन पर जांचा जाता है। ऐसे में साफ, स्पष्ट और सुव्यवस्थित लिखावट का महत्व और बढ़ जाता है।
सौरभ गर्ग ने विद्यार्थियों को उत्तर लेखन की प्रभावी तकनीकों, उचित शब्द चयन, अनुच्छेदों की प्रस्तुति, शीर्षक एवं उपशीर्षकों के प्रयोग तथा आकर्षक हस्तलेखन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अच्छी लिखावट उत्तर पुस्तिका को प्रभावशाली बनाकर मूल्यांकनकर्ता पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ती है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को हस्तलेखन सुधारने के व्यावहारिक सुझाव दिए गए। समापन अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में आरोही (कक्षा 10, डीपीएसजी), आदित्य गर्ग (कक्षा 10, सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल), रियांश बरारा (कक्षा 9, डीपीएस राजनगर एक्सटेंशन) तथा प्रथम मोदी (कक्षा 7, प्रेसीडियम स्कूल) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित कर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।






