यूपी – गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चिराग त्यागी के माता-पिता के समर्थन में बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण और विभिन्न समाजों के लोग जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चिराग त्यागी के माता-पिता कई घंटों से अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर मौजूद रहे, लेकिन उनकी ओर से ज्ञापन नहीं लिया गया।
धरने में शामिल लोगों का कहना है कि चिराग त्यागी के माता-पिता करीब साढ़े तीन घंटे तक जिलाधिकारी के आने का इंतजार करते रहे। आरोप लगाया गया कि जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बावजूद ज्ञापन लेने नहीं आए, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद ग्रामवासियों, ग्राम समाज के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने एकजुट होकर कार्यालय परिसर के बाहर धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनका ज्ञापन स्वीकार नहीं किया जाएगा, तब तक कोई भी धरनास्थल से नहीं हटेगा। धरने में बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही। महिला शक्ति की प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि चिराग त्यागी की माता या पिता की तबीयत धरने के दौरान बिगड़ती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल ज्ञापन लेकर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।






