यूपी – गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद से जुड़े सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। बड़ी संख्या में एकत्रित कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत 2760 सफाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण, 3000 नए सफाई कर्मचारियों की मानक के अनुरूप भर्ती, ठेका सफाई कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि तथा कर्मचारियों के लिए आवास की व्यवस्था जैसी मांगें उठाईं।
कर्मचारियों का ज्ञापन अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शक्ति जीनवाल, संजय टांग, कालीचरण वाल्मीकि, प्रवीण गहलोत, नीरज, शनि तथा जॉनी वाल्मीकि ने किया।
इस दौरान कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों ने भाजपा महानगर महामंत्री प्रदीप चौहान वाल्मीकि को भी ज्ञापन सौंपा। प्रदीप चौहान ने आश्वासन दिया कि वह स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल को भी इस मुद्दे से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में अमित वाल्मीकि, राजेंद्र चौहान, अजय देवगन, रवि गहलोत, सीमा वाल्मीकि, कालीचरण (सफाई नायक), सोनू निगम, विकास दीवान और गुलशन चड्ढा सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।






