गाजियाबाद। खोड़ा क्षेत्र के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के दौरान सूर्या चौहान की माता ने परिवार की सुरक्षा और भविष्य को लेकर अपनी चिंताएं मंत्री के समक्ष रखीं। इस पर नरेंद्र कश्यप ने मौके से ही जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने तथा घर पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराधियों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से कई मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न सामाजिक व हिंदूवादी संगठनों के प्रतिनिधि परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। मामले में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर पूरे प्रदेश की नजर बनी हुई है।






