26 अप्रैल को कार्यकर्ता सम्मेलन का ऐलान
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाए जाने का मामला सामने आया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला अध्यक्ष आसिफ सैफी ने स्पष्ट किया कि वे ही संगठन के विधिवत निर्वाचित जिला अध्यक्ष हैं और उनका कार्यकाल 30 मई 2026 तक वैध है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष (पश्चिम) पारस शुक्ला की ओर से कपिल यादव की नियुक्ति का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है। आसिफ सैफी ने कहा कि अखिल भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा उन्हें आधिकारिक पहचान पत्र जारी कर उनकी स्थिति की पुष्टि कर दी गई है।
आसिफ सैफी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठनात्मक अनुशासन में विश्वास रखती है तथा किसी भी अनधिकृत नियुक्ति या भ्रामक प्रचार को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते संगठन को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ता पूरी मजबूती से संगठन के साथ खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से 26 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे जिला युवा कांग्रेस कार्यालय, पुराना बस अड्डा पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को संबोधित किया जाएगा।








