
यूपी – गाजियाबाद। सौ वर्ष पुराने कन्या वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शिक्षण सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूपी बोर्ड की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में औसतन 98 प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। यह वही ऐतिहासिक विद्यालय है, जहां महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दुर्गा भाभी शिक्षिका रह चुकी हैं।

प्रधानाचार्या महिमा कटारिया ने बताया कि हाई स्कूल परीक्षा में 258 छात्राएं सम्मिलित हुईं, जबकि इंटरमीडिएट में कला वर्ग से 287 और विज्ञान वर्ग से 73 छात्राओं ने परीक्षा दी। हाई स्कूल का परिणाम 97 प्रतिशत, इंटरमीडिएट कला वर्ग का 97 प्रतिशत तथा विज्ञान वर्ग का शत-प्रतिशत परिणाम रहा। इस प्रकार कुल औसत परिणाम 98 प्रतिशत दर्ज किया गया।
प्रबंध समिति के सदस्य अश्वनी प्रकाश ने बताया कि हाई स्कूल में आराध्या ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इंटरमीडिएट कला वर्ग में अनामिका ने 79 प्रतिशत तथा विज्ञान वर्ग में प्रीति ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि विद्यालय इस वर्ष अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है। पिछले वर्ष कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए कॉमर्स संकाय की मान्यता प्राप्त हुई थी, जबकि इस वर्ष कंप्यूटर साइंस की मान्यता भी मिल गई है, जिससे छात्राओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।
विद्यालय का गौरवशाली इतिहास बताते हुए अश्वनी प्रकाश ने कहा कि दुर्गा भाभी ने वर्ष 1935 से 1937 तक यहां शिक्षिका के रूप में सेवाएं दी थीं। इसके अलावा देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह भी कुछ समय तक विद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्य रहे थे।








