
यूपी – गाजियाबाद। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम ने शहरभर में व्यापक स्तर पर अभियान चलाते हुए प्लांटेशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज के नेतृत्व में पांचों जोन के पार्कों में 5000 से अधिक पौधे लगाए गए। इंदिरापुरम, मोहन नगर, लोहिया नगर, विजयनगर, कवि नगर और वैशाली क्षेत्रों में विशेष रूप से पौधारोपण किया गया, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

डॉ. अनुज ने बताया कि लोहिया नगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में छात्राओं द्वारा पौधारोपण किया गया, वहीं शहर के करीब 50 स्थानों पर भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन टीम ने ट्रैफिक सिग्नलों पर ‘रेड लाइट ऑन, इंजन ऑफ’ का संदेश देकर लोगों को प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया। मैस्कॉट और वेस्ट-टू-आर्ट गतिविधियों के माध्यम से रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल को बढ़ावा दिया गया।
लोहिया नगर में आयोजित कार्यक्रम में पार्षद कुलदीप सहित निगम अधिकारियों ने प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। नगर निगम ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर शहर को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की अपील की।







