
यूपी – गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत भवन निर्माण व संचालन, पंचायत सहायकों द्वारा ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं, राष्ट्रीय राजमार्गों व जिला मार्गों के किनारे सफाई, ग्राम पंचायतों के मुख्य मार्गों की स्वच्छता, अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण, ऑडिट अनुपालन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ओडीएफ प्लस ग्रामों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और सामुदायिक शौचालयों के संचालन की समीक्षा की गई।
अभिनव गोपाल ने वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक “ग्राम वन” विकसित करने के निर्देश दिए। अब तक 35 ग्राम पंचायतों में स्थल चिन्हित किए जा चुके हैं। उन्होंने मंदिरों, अंत्येष्टि स्थलों, कब्रिस्तानों व तालाब किनारों पर मियावाकी पद्धति से पौधरोपण करने और उनकी सुरक्षा की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
इस वर्ष जनपद में 8 अंत्येष्टि स्थल, 4 पंचायत भवन, 2 पंचायत उत्सव भवन, 3 प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयां और 2 फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे, साथ ही 2399 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण होगा। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन सहित सभी खंड विकास अधिकारी व सहायक विकास अधिकारी पंचायत उपस्थित रहे।







