यूपी – गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र के कनावनी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए रेडक्रॉस गाजियाबाद द्वारा राहत कार्य लगातार जारी है। भोजन सेवा के चौथे दिन निवर्तमान सभापति रो. डॉ. सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में रोटरी क्लब गाजियाबाद हिंडन के सहयोग से भोजन के साथ-साथ जल वितरण भी किया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए इस बार विशेष रूप से पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का प्रायोजन बी. डी. चौधरी द्वारा किया गया, जिनके सहयोग से भोजन पैकेट के साथ बड़ी मात्रा में पेयजल वितरित किया गया।
इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं रोटरी अध्यक्ष एस. वल्ली भी अपनी कनिष्ठ सहयोगी के साथ सेवा कार्य में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रेडक्रॉस के साथ मिलकर गाजियाबाद में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
राहत कार्य में सुभाष गुप्ता के साथ एम. सी. गौड़, विपिन अग्रवाल, संजय वर्मा और योगेश सक्सैना का विशेष सहयोग रहा। सभी ने मिलकर पीड़ित परिवारों तक भोजन और पानी पहुंचाने का कार्य किया।
सेवा में जुटे सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है और ऐसे कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जा सकती है।





