दिल्ली। हिंदी सेवी ब्रज शुक्ल घायल की स्मृति में साहित्य प्रेमी मंडल द्वारा हिंदी भवन के सभागार में भव्य साहित्यिक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कविवर तेजनारायण बेचैन को ‘निरालाश्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाकवि निराला की स्मृति में ‘स्वर गंगा’ कवि सम्मेलन का आयोजन भी हुआ, जिसने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में विनीत चौहान को ‘साहित्य भारती सम्मान’, हास्य कवि अरुण जैमिनी को ‘अल्हड़ बीकानेरी हास्य रत्न सम्मान’ और दिनेश रघुवंशी को ‘काव्य किशोर सम्मान’ प्रदान किया गया। सभी सम्मानित रचनाकारों को 51 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न और अंगवस्त्र भेंट किए गए।
खचाखच भरे सभागार में अरुण जैमिनी ने अपने हास्य व्यंग्य से खूब हंसाया, वहीं तेजनारायण बेचैन ने चीतों पर आधारित व्यंग्य रचना से श्रोताओं को आनंदित किया। विनीत चौहान ने वीर रस की कविता ‘कर्ण’ प्रस्तुत की और दिनेश रघुवंशी ने भावनात्मक कविताओं से सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रवीण शुक्ल ने किया। उन्होंने अपनी रचनाओं से भी श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। डॉ. रुचि चतुर्वेदी, कलाम भारती सहित अन्य कवियों ने भी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर सूबे सिंह पाराशर, राजेश कुमार, निर्दोष शर्मा, पी. के. आज़ाद, मुकेश शर्मा, शशि भारती, अशोक शर्मा, दिनेश शर्मा और पंकज शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।





