यूपी – गाजियाबाद, 21 अप्रैल 2026। आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन (नोडल अधिकारी) सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बताया गया कि परीक्षा के लिए जनपद में कुल 20 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां प्रतिदिन दो पालियों में कुल छह पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया में लगभग 46 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।





