यूपी – गाजियाबाद, 19 अप्रैल 2026। ऐतिहासिक सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026’ के अवसर पर जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, गाजियाबाद के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंदिर परिसर शिवभक्ति और सांस्कृतिक चेतना से गुंजायमान रहा।
समारोह की शुरुआत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें मुख्य आकर्षण ‘शिव तांडव’ नृत्य रहा। परिषद द्वारा आमंत्रित कलाकारों ने भगवान शिव के रौद्र और आनंदमय स्वरूप को जीवंत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही लोक संस्कृति से जुड़े अन्य कार्यक्रमों ने भी उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान भव्य महाआरती का आयोजन भी किया गया, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक गौरव से जोड़ना रहा। इस अवसर पर मंदिर विकास समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत ने किया। अंत में सुरेश रावत ने सभी कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग की सराहना की।





