जनगणना 2027: प्रशिक्षण अनिवार्य, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

यूपी – गाजियाबाद। जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिन सभी कार्मिकों की ड्यूटी प्रगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में लगाई गई है, उनके लिए प्रशिक्षण प्रक्रिया में निर्धारित समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है। प्रशिक्षण को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को समय पर प्रशिक्षण में भेजना सुनिश्चित करें और उन्हें इस कार्य के महत्व से अवगत कराएं। यदि कोई कर्मचारी प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाया जाता है या कार्य में लापरवाही बरतता है, तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की भी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विभाग द्वारा अपने कर्मचारियों को इन निर्देशों की जानकारी नहीं दी जाती है, तो संबंधित विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित कार्मिकों से अपील की है कि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।