यूपी – गाजियाबाद। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने जानकारी दी कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा अधिसूचना दिनांक 19 फरवरी 2026 में संशोधन करते हुए त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम की नई समय-सारिणी जारी की गई है। इसके तहत जनपद गाजियाबाद में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाताओं के डुप्लीकेशन (डीडुप्लीकेशन) एवं कम्प्यूटरीकरण की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से 28 मई 2026 तक चलेगी। इसके बाद 29 मई से 9 जून 2026 तक मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची डाउनलोडिंग तथा फोटो प्रतियां तैयार करने का कार्य किया जाएगा।
निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 जून 2026 को किया जाएगा। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वृहद पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किया जा सके।





