नई दिल्ली – केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के आवास 25 तुगलक रोड पर राष्ट्रीय लोकदल के विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने महिला आरक्षण बिल के समर्थन में आभार व्यक्त किया। इस दौरान महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने और उसे मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, समान भागीदारी और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के माध्यम से उस सोच को बदलना आवश्यक है, जो महिलाओं को केवल पारंपरिक भूमिकाओं तक सीमित रखती है। महिलाओं ने अपने परिश्रम और योगदान से देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसलिए उन्हें अब नीति निर्धारण और संसद में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि सामाजिक न्याय तभी संभव है, जब समाज की आधी आबादी निर्णय लेने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल हो। महिला आरक्षण का विरोध करना देश की आधी आबादी को पीछे धकेलने जैसा है। राष्ट्रीय लोकदल के प्रतिनिधियों ने नारी शक्ति के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।





