यूपी – गाजियाबाद, 18 अप्रैल 2026। मोदीनगर क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 47 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खसरा संख्या 442 व 492, हापुड़ रोड मोदीनगर में कुलदीप पुत्र जयराज और अशोक पुत्र सत्यपाल द्वारा लगभग 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं खसरा संख्या 10 व 11, ललितपुर तिबड़ा मोदीनगर में विनोद पुत्र जसवंत, लोकेन्द्र पुत्र महेन्द्र सिंह, ज्ञानेन्द्र कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह, रूबी पुत्री सतेन्द्र, नीतू पुत्री सतेन्द्र और अरुणा पत्नी सतेन्द्र द्वारा करीब 22 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किया जा रहा था।
स्थल पर कोई स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके चलते प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़कों, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य निर्माण ध्वस्त कर सीलिंग की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता व प्रवर्तन जोन-02 की टीम मौजूद रही।





