यूपी – गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रामलीला ग्राउंड, अशोक वाटिका में पुलिस विभाग द्वारा ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत नारी शक्ति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसीपी उपासना पांडे ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया और उन्हें अपने अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
एसीपी उपासना पांडे ने कहा कि यदि किसी महिला को कोई व्यक्ति परेशान करता है या उत्पीड़न करता है तो वह बिना डर के पुलिस से संपर्क कर सकती है। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हर थाने में महिला हेल्प डेस्क और एंटी रोमियो टीम सक्रिय है तथा महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए महिला परामर्श केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक जैसे मामलों में महिलाएं सीधे पुलिस में शिकायत कर सकती हैं। महिलाओं की सहायता के लिए उन्होंने अपना मोबाइल नंबर 9643200225 भी साझा किया।
कार्यक्रम में एसआई प्रियंका सिंह, एसआई निधि सचान के साथ काउंसलर व समाजसेवी आरती गोयल, डॉ. नीतू चौधरी, दीपिका शर्मा, हिमांशी शर्मा और लता उमेश सक्सेना सहित कई सामाजिक महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।





