यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विवेकानंद हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शहर की चार कवयित्रियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. माला कपूर, डॉ. निवेदिता शर्मा, डॉ. वंदना रायजादा और डॉ. तारा गुप्ता को गुलदस्ता, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की विनम्रता और संवेदनशीलता उन्हें समाज में प्रेम और सम्मान का पात्र बनाती है। उन्होंने अपनी ‘नारी’ कविता के माध्यम से महिलाओं के महत्व को रेखांकित किया। संस्थान की निदेशिका एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा दें और शिक्षा व अवसरों के माध्यम से युवा महिलाओं को सशक्त बनाएं। उन्होंने ‘बेटियां’ शीर्षक कविता भी सुनाई।
कार्यक्रम में डॉ. माला कपूर, डॉ. निवेदिता शर्मा, डॉ. वंदना रायजादा और डॉ. तारा गुप्ता ने अपनी-अपनी कविताओं के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों, कर्तव्यों और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस दौरान विद्यार्थियों मीनू, गौरी त्यागी, रीतिका मेहरा, मान्या और नेहा ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। कार्यक्रम का संचालन रंजना मिश्रा ने किया।







