यूपी – गाजियाबाद। गृहकर में कथित वृद्धि और भ्रामक छूट के विरोध में कनफेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए उत्तर प्रदेश (कोरवा-यूपी) के पदाधिकारियों की बैठक 133-बी, मॉडल टाउन ईस्ट में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के मुख्य संरक्षक कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी, अध्यक्ष डॉ. पवन कौशिक, मुख्य सलाहकार डॉ. आर.के. आर्या, संगठन महासचिव जय दीक्षित और कैलाश चंद्र शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पूर्व पार्षद राजेंद्र त्यागी और एडवोकेट हिमांशु मित्तल ने भी भाग लिया।
बैठक में कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि गृहकर को लेकर शहर में जो विवाद खड़ा हुआ है, उसके पीछे नगर निगम प्रशासन की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की नीतियों के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि डीएम सर्किल रेट के आधार पर गृहकर में अप्रत्याशित वृद्धि जनता के साथ अन्याय है।
अध्यक्ष डॉ. पवन कौशिक और मुख्य सलाहकार डॉ. आर.के. आर्या ने कहा कि यदि गृहकर वृद्धि वापस नहीं ली गई तो जनप्रतिनिधियों का विरोध किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
बैठक में गौरव सेनानी गुरमेल सिंह सिद्धू और अभय अग्रवाल ने लोगों से अपने घरों पर काले झंडे लगाने और डीएम सर्किल रेट आधारित गृहकर का विरोध करने की अपील की। संगठन ने सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाने का निर्णय लिया।





