Screenshot_20221103-203604_YouTube
IMG-20230215-WA0382
a12
IMG-20230329-WA0101
IMG-20260305-WA0008
PlayPause
previous arrow
next arrow

गाजियाबाद को आधुनिक और हरित शहर बनाने के लिए जीडीए की कई बड़ी परियोजनाएं

Share on facebook
Share on whatsapp
Share on twitter
Share on google
Share on linkedin

हरनंदीपुरम योजना से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक विकास कार्य तेज

यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा शहर के समग्र और नियोजित विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल के नेतृत्व में आधुनिक अवसंरचना, आवासीय योजनाओं, खेल सुविधाओं, हरित विकास और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई दूरगामी योजनाएं लागू की जा रही हैं।

जीडीए द्वारा हरनंदीपुरम आवासीय योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस योजना के तहत अब तक लगभग 79 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है, जबकि करीब 130 हेक्टेयर भूमि के लिए किसानों से सहमति प्राप्त हो चुकी है और क्रय प्रक्रिया जारी है। योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए कंसल्टेंट का चयन कर लिया गया है। इस परियोजना का प्रस्तावित बजट करीब 2384 करोड़ रुपये है और मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत 400 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।

राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए कई जोनल सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं ग्राम मोरटी और अटौर में लगभग 31 एकड़ भूमि पर 55 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और जीडीए के सहयोग से विकसित किया जाएगा।

स्टेडियम के आसपास एरोसिटी थीम आधारित आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की भी योजना है, जिसमें आवासीय परिसर, वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स, होटल, शॉपिंग जोन, खेल अकादमी और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी सुविधाएं होंगी।

इसके अलावा हिंडन नदी तटबंध परियोजना के माध्यम से बाढ़ नियंत्रण और नदी तट संरक्षण का कार्य किया जाएगा। शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए रामायण थीम पार्क कोयल एन्क्लेव, संस्कृति दर्शन पार्क इंदिरापुरम, विकसित भारत पार्क मधुबन बापूधाम और डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क राजेंद्र नगर सहित कई पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

करीब 143 एकड़ क्षेत्र में बने सिटी फॉरेस्ट पार्क का 55 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा, जिसमें एडवेंचर जोन, वॉटर एक्टिविटी, जंगल स्टे और मेडिटेशन जोन जैसी सुविधाएं होंगी। साथ ही शहर के प्रमुख गोल चक्करों का ग्रीनलैंड थीम पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा और कई चौराहों को सिग्नल फ्री बनाने की योजना भी लागू की जा रही है।

प्राधिकरण द्वारा एलिवेटेड रोड से इंदिरापुरम और वसुंधरा के लिए स्लिप रोड निर्माण सहित कई विकास कार्यों की निविदाएं जारी की गई हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राधिकरण ने 3,49,640 लाख रुपये की आय और 3,28,700 लाख रुपये के व्यय का प्रस्ताव तैयार किया है।