यूपी – गाजियाबाद/मोदीनगर। सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों में महंगी निजी प्रकाशनों की किताबें लागू किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मोदीनगर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने किया।

ज्ञापन में कहा गया कि मोदीनगर क्षेत्र के कई सीबीएसई स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12 तक निजी प्रकाशनों की महंगी किताबें जबरन लागू की जा रही हैं। कुछ स्कूल पूरी तरह निजी किताबें लगाते हैं, जबकि कुछ में आंशिक रूप से एनसीईआरटी और बाकी निजी किताबें लागू हैं। इससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है और शिक्षा की एकरूपता भी प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि शैक्षणिक सत्र 2026–27 से सभी सीबीएसई स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12 तक केवल एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य की जाएं। साथ ही निजी किताबों पर प्रतिबंध लगाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर जुर्माना लगाकर उनकी संबद्धता निलंबित या समाप्त की जाए।
इस मौके पर सुनील शर्मा (पीसीएस सदस्य, उत्तर प्रदेश), चांद वीर चौधरी (ब्लॉक अध्यक्ष मोदीनगर), कल्पना सिंह (शहर अध्यक्ष, महिला विभाग), पवन देव कोरी, भिखारी लाल कश्यप, ओमपाल शर्मा, जगपाल सिंह चौधरी, राकेश चौधरी, शिव कुमार सेन, राकेश सोनी, बबीता चौधरी, वेद प्रकाश कोरी और संजय शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा।





