यूपी – गाजियाबाद। शालीमार सिटी क्षेत्र में गणेश हॉस्पिटल द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बिराज फाउंडेशन और उज्जवल भारत मिशन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का उद्घाटन गणेश हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं सीईओ डॉ. प्रतीक शर्मा और डॉ. मोनिशा शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं। इससे लोग समय रहते अपनी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच करा सकते हैं और गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो पाता है।
शिविर में मरीजों के लिए फिजिशियन परामर्श, डेंटल कंसल्टेशन, पीएफटी, ईसीजी, हाइट, वेट, बीपी और शुगर की जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।
कार्यक्रम में बिराज फाउंडेशन के संस्थापक बिराज सिंह, जयशंकर रॉय, गिरीश गुप्ता, उमेश शर्मा, पल्लवी भारद्वाज और मनोज अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों ने ऐसे शिविरों को आम जनता के लिए बेहद उपयोगी बताया।





