यूपी – गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में गृह कर में लगभग 300 प्रतिशत तक वृद्धि किए जाने के निर्णय के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। बढ़ती महंगाई के बीच इतना भारी कर बढ़ाए जाने से शहर की जनता में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि पहले से ही महंगाई से जूझ रहे परिवारों पर यह फैसला अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है।
इसी मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आसिफ सैफी ने नगर निगम और प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गृह कर वृद्धि को वापस नहीं लिया गया तो युवक कांग्रेस शहर की जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
आसिफ सैफी ने कहा कि नगर निगम का यह फैसला पूरी तरह जनविरोधी है और इससे लाखों परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी शहरवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि गृह कर वृद्धि को वापस नहीं लिया गया तो युवक कांग्रेस नगर निगम के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। शहर के कई लोगों ने भी आसिफ सैफी की इस पहल का समर्थन करते हुए इसे जनता की आवाज़ उठाने वाला कदम बताया है।





