यूपी – गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने जनसामान्य से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अपने घरों की छतों पर सौर पैनल लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने बताया कि बिजली उत्पादन के पारंपरिक साधनों जैसे कोयला और तेल से वायु व जल प्रदूषण होता है और कोयला खनन के कारण जंगलों की कटाई भी होती है। इसके विपरीत सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन करने पर किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी संभव होता है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सौर पैनल लगाने पर सरकार द्वारा भारी सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवॉट कनेक्शन पर लगभग 65 हजार रुपये की लागत में 45 हजार रुपये की सब्सिडी, दो किलोवॉट पर लगभग 1.30 लाख रुपये की लागत में 90 हजार रुपये की सब्सिडी और तीन किलोवॉट पर लगभग 1.80 लाख रुपये की लागत में 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। यह सब्सिडी 10 किलोवॉट तक के घरेलू कनेक्शन पर उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए “नेशनल पोर्टल फॉर रूफटॉप सोलर” पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पीओ नेड़ा कार्यालय या कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 70653 81846 पर संपर्क किया जा सकता है।





