यूपी – गाजियाबाद। नगर निगम संपत्ति कर के मुद्दे को लेकर 2 मार्च 2026 को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीतपाल त्यागी, महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संपत्ति कर से संबंधित विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं और बढ़े हुए कर को लेकर सामने आ रही शिकायतों पर चर्चा की। चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि संपत्ति कर के मामले में विधिक राय ली जाएगी ताकि नियमों और प्रावधानों के अनुरूप उचित समाधान निकाला जा सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जनप्रतिनिधि इस विषय पर उत्तर प्रदेश शासन से भी वार्ता करेंगे और जनता के हित में उचित निर्णय कराने का प्रयास करेंगे। साथ ही संपत्ति कर से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तय करने के लिए नगर निगम अधिकारियों के साथ पुनः बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगरवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





