यूपी – गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के मुख्य द्वार के बाहर आरडब्ल्यूए द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सोसाइटी के सैकड़ों निवासियों ने भाग लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

होलिका दहन से पूर्व श्री शिव बालाजी धाम मंदिर के पंडित राजीव मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन कराया। इसके बाद परंपरा के अनुसार होलिका दहन किया गया और जौं भूने गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, जबकि बच्चों ने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एवं वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी ने कहा कि होलिका दहन का पर्व हमें यह संदेश देता है कि अहंकार, अन्याय और नकारात्मकता का अंत होता है तथा सत्य और भक्ति की हमेशा विजय होती है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बिजेंदर गिरी ने कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान नासिरपुर चौकी इंचार्ज राजीव कुमार अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रहे। इस अवसर पर बिजेंदर गिरी, रश्मि चौधरी, ए.के. दोहरे, एडवोकेट राज किशोर शर्मा, प्रभा शर्मा, शालिनी गोयल, अनुजा बंसल, निशि गुप्ता, कीर्ति पाहवा, अनुज बंसल, संजय बंसल, दिनेश सिंह, विशाल बिग और प्रभात गर्ग सहित सैकड़ों निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आरडब्ल्यूए की ओर से मिष्ठान वितरण किया गया।





