यूपी – गाजियाबाद। अखिल भारतीय ध्यान योग संस्थान संत निवास कक्षा द्वारा 3 मार्च 2026 को सीईएफ ब्लॉक, नेहरू नगर स्थित संत निवास में योग परिवार का होली मंगल मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भौतिक एवं ऑनलाइन माध्यम से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधक-साधिकाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ योगी प्रवीण आर्य ने ओम् की ध्वनि और गायत्री मंत्र के साथ किया। उन्होंने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय संस्कृति दान और बांटकर खाने की परंपरा को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि वसंत ऋतु में नए अन्न को यज्ञ में आहुति देकर ग्रहण करना होली मनाने की पारंपरिक विधि है। इस अवसर पर उन्होंने “जो होली सो होली, भुला दो उसे, आज मिलने का त्योहार है” गीत सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया।
योगाचार्य नेतराम ने धार्मिक गीतों पर एरोबिक्स अभ्यास कराया और शवासन के माध्यम से विश्राम कराया। समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी योगी रामप्रकाश गुप्ता का पीतवस्त्र ओढ़ाकर और चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि पर्व हमें आपस में जोड़ते हैं और होली प्रेम व भाईचारे का संदेश देती है।

विशेष आमंत्रित अनुराधा भटनागर ने कार्यक्रम की सराहना की। योग शिक्षिका सुमन बंसल, मीनाक्षी अग्रवाल, अम्बिका गर्ग और भारती अग्रवाल के होली गीतों पर नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में वीना वोहरा, मोनिका मित्तल, वीनस गुप्ता, गीता गुप्ता, दर्शना मेहता, वीना गुप्ता, उमा शर्मा, सीमा अग्रवाल, माला सिंह, संजय खंडेलवाल और सत्यम दीक्षित सहित अनेक साधक उपस्थित रहे। शांतिपाठ और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।





