
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में वसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। संस्थान के मंदिर में मां शारदा की प्रतिमा का पंचामृत से विधिवत स्नान कराया गया और शास्त्रोक्त विधि-विधान से पूजन एवं अभिषेक संपन्न हुआ। पूजन-अर्चन का आयोजन मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका अलका अग्रवाल के सानिध्य में किया गया।
इस अवसर पर मेवाड़ परिवार के सभी सदस्य, शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने वस्त्र, फूल, फल एवं मेवों का भोग अर्पित कर मां शारदा के चरणों में अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा मां शारदा की वंदना, आराधना और भक्ति गीतों का सामूहिक गायन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।

निदेशिका अलका अग्रवाल ने बताया कि वसंत पंचमी का पर्व संस्थान में प्रतिवर्ष इसी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इसका उद्देश्य शिक्षा के मंदिर में मां शारदा का वंदन कर सकारात्मक शैक्षिक वातावरण बनाए रखना है। साथ ही सभी वर्गों और संप्रदायों के विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और संस्कृति के प्रति प्रेरित करना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने सहभागिता की। वसंत पंचमी का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुशासन और सद्भाव का संदेश लेकर आया।





