यूपी – गाजियाबाद कांग्रेस महानगर कार्यालय पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने की।

उन्होंने दोनों महान नेताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों से प्रेरित होकर स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाई और 500 से अधिक रियासतों को भारतीय संघ में शामिल कर अखंड भारत की नींव रखी। वीर सिंह जाटव ने कहा कि पटेल जी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे ने देशवासियों में राष्ट्रीय एकता का भाव जगाया।
इंदिरा गांधी के योगदान पर बोलते हुए जाटव ने कहा कि वे भारत की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री थीं, जिन्होंने देशहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। पाकिस्तान के अत्याचारों के विरुद्ध उन्होंने बांग्लादेश को आजाद कराकर मानवता की रक्षा की, वहीं देश की सुरक्षा के लिए परमाणु शक्ति का विकास कर भारत को विश्व पटल पर मजबूत बनाया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर राजकुमार शर्मा ने कहा कि इंदिरा जी के नेतृत्व ने भारत को सशक्त बनाया। पूर्व जिलाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने पटेल जी को महान दूरदर्शी नेता बताया, जबकि विनीत त्यागी ने उनकी भूमिका को स्वर्ण काल करार दिया।
इस अवसर पर संगठन प्रभारी विकास शर्मा, वरिष्ठ नेता बाबूराम शर्मा, लालमन सिंह, शशि भूषण, अब्दुल कादर खान, सुनील शुक्ला, सीमा शर्मा, पवन शर्मा, अमर सिंह राठौड़, रश्मि यादव, विक्रांत अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






