
यूपी – गाजियाबाद श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम शर्मा और कार्यकारिणी के समस्त सदस्यों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रगान और वंदे मातरम् गीत का गायन कर सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान को प्रकट किया।

इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने बैंड प्रस्तुति के माध्यम से वातावरण को और भी जोशीला बना दिया। स्वतंत्रता संग्राम की झांकियों से कार्यक्रम का आरंभ किया गया। पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर दिखाई गई नाटिका ने सभी को भाव विभोर कर दिया। पंजाबी धुन पर छात्राओं ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस व जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें विकसित भारत की ओर बढ़ना होगा इसके लिए हमें स्वदेशी अपनाओ के रास्ते पर चलना होगा। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम शर्मा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘हमने बड़े ही संघर्ष के बाद आजादी को प्राप्त किया है, अब इस देश को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है। जो अपने अच्छे कार्य और ज्ञान से इस देश को ओर आगे ले जा सकती हैं।