
रेरा पंजीकरण के बाद आमजन के लिए शुरू होगा पहला चरण, आवासीय और व्यावसायिक भूखंड मिलेंगे
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम आवासीय योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। लगभग 501 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित योजना के लिए अब तक 202.3455 हेक्टेयर यानी करीब 500 एकड़ भूमि का बैनामा प्राधिकरण के पक्ष में पूरा हो चुका है। इसके अलावा लगभग 100 हेक्टेयर भूमि के लिए किसानों की सहमति मिल गई है। इस भूमि के बैनामे की प्रक्रिया चल रही है।
योजना के प्रथम चरण का नक्शा प्राधिकरण बोर्ड से मंजूर हो चुका है। साथ ही, भूखंडों की बिक्री शुरू करने से पहले आवश्यक रेरा पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया है। पंजीकरण मिलते ही प्रथम चरण को आमजन के लिए शुरू करने की तैयारी है।
योजना में आवासीय भूखंडों के साथ व्यावसायिक स्थल और समूह आवास विकसित करने की परिकल्पना है। इसके अलावा चौड़ी सड़कें, पार्क, सामुदायिक सुविधाएं और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्राधिकरण भूमि अधिग्रहण के बजाय किसानों की आपसी सहमति से भूमि खरीदने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। अब तक लगभग 42 प्रतिशत प्रस्तावित क्षेत्रफल के बराबर भूमि के बैनामे पूरे हो चुके हैं। अतिरिक्त भूमि के बैनामे होने से योजना के आगामी चरणों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
हरनंदीपुरम योजना से गाजियाबाद के सुनियोजित विस्तार के साथ व्यावसायिक गतिविधियों, रोजगार और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। प्राधिकरण का लक्ष्य योजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित करना है।

