केला भट्टा में गंदगी से लोग परेशान, नगर निगम पर लापरवाही के आरोप

यूपी – गाजियाबाद। केला भट्टा क्षेत्र में फैली गंदगी, बदबू और नालों की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग परेशान हैं। निवासियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था चरमराने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर सीवर का गंदा पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और बच्चे भी बीमार पड़ रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के युवा नेता एवं वार्ड संख्या 92 से भावी पार्षद प्रत्याशी जुबैर कुरैशी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि केला भट्टा में लोगों को नाक पर रुमाल रखकर निकलना पड़ता है, लेकिन नगर निगम समस्या की अनदेखी कर रहा है।

जुबैर कुरैशी ने बताया कि राजनगर, कविनगर और नेहरू नगर सहित कई क्षेत्रों में भी नालों की स्थिति खराब है। नाले टूटने से सड़कों पर गंदा पानी भर जाता है। उन्होंने नगर निगम से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर यूथ ब्रिगेड सफाई अभियान चलाकर विरोध प्रदर्शन करेगी।