
यूपी – गाजियाबाद। प्राचीन सिद्धपीठ श्री देवी मंदिर में नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि महोत्सव का समापन कन्या पूजन, शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ हुआ। आयोजन श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर के पीठाधीश्वर एवं जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरि के आशीर्वाद और सानिध्य में संपन्न हुआ। मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने मां भगवती की पूजा-अर्चना की।
राम नवमी पर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर तिलक लगाया गया और भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा भेंट की गई। शतचंडी महायज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां देकर विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

महंत गिरिशानंद गिरि ने कहा कि नवरात्रि नारी शक्ति के सम्मान, सेवा, प्रेम और सद्भाव का संदेश देती है। महंत विजय गिरि ने भी आयोजन के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा, बाबा लाल मंदिर के महंत महेश दास, प्रवेश गर्ग, राहुल गर्ग, उपमहापौर राजीव शर्मा, रूप गिरि, सुनील नागर, विजय मित्तल, साध्वी गिरजानंदनी गिरि, योगेंद्र सिंह, सतवीन चौधरी, शिवकुमार और मीडिया प्रभारी पिंटू सुथार सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

