पाली (राजस्थान)। श्री नागेश्वर गौशाला सेवा संस्थान, गुरड़ाई को गौसेवा एवं गौशाला विकास के लिए गांव के भामाशाह राणसिंह पुत्र वाघसिंह भोमिया राजपूत द्वारा 5 बीघा 3 बिस्वा भूमि दान स्वरूप भेंट की गई। इस उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने भामाशाह परिवार का सम्मान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने कहा कि गौसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए भूमि दान करना अत्यंत पुण्य एवं अनुकरणीय कार्य है। इससे समाज में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर कानसिंह राजपुरोहित, राष्ट्रीय अध्यक्ष (सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ), राजस्थानी प्रवासी महासंघ, दिल्ली ने कहा कि गौसंवर्धन और गौसेवा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं तथा ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। उन्होंने गौशालाओं के संरक्षण और विकास में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विमलेन्द्र राणावत (एसडीएम), सुनील भंडारी (भाजपा जिलाध्यक्ष), रूपसिंह परमार, पोकरलाल प्रजापत, वेरसिंह भाटी, बालूसिंह गेलड़ा, भवरसिंह राठौड़ और देवीसिंह राजपुरोहित सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गौशाला के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने राणसिंह और उनके परिवार के इस योगदान को गौसेवा एवं समाजहित में ऐतिहासिक पहल बताते हुए सराहना की।






