
₹1580 करोड़ की चार प्रमुख परियोजनाओं का प्रस्ताव, खेल, आवास और यातायात पर फोकस
यूपी – गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के प्रमुख शहर गाजियाबाद को आधुनिक, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बनाने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अर्बन चैलेंज फंड (UCF) के तहत कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। इन योजनाओं का लक्ष्य शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए गाजियाबाद को खेल, आवास, यातायात और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाना है।

सबसे प्रमुख प्रस्ताव राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण का है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) और GDA के संयुक्त सहयोग से विकसित की जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत ₹680 करोड़ है। स्टेडियम के निर्माण से गाजियाबाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर पहचान मिलेगी। यहां अंतरराष्ट्रीय मैच, IPL सहित बड़े आयोजन संभव होंगे, जिससे खेल पर्यटन, रोजगार सृजन और शहर की ब्रांड वैल्यू में वृद्धि होगी।
इसी क्रम में वाजीराबाद स्थित तुलसी निकेतन आवासीय योजना के पुनर्विकास का प्रस्ताव भी रखा गया है। वर्ष 1989-90 में विकसित यह योजना वर्तमान में जर्जर हो चुकी है। लगभग ₹600 करोड़ की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के निवासियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों का व्यापक उन्नयन किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए GT रोड स्थित चौधरी मोड़ पर करीब 2 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है, जिसकी अनुमानित लागत ₹200 करोड़ है। वर्तमान में यह क्षेत्र भारी ट्रैफिक जाम से प्रभावित है। फ्लाईओवर के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और प्रदूषण पर भी नियंत्रण मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (RDC) में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए ₹100 करोड़ की लागत से मल्टी-लेवल कार पार्किंग (MLCP) बनाने का प्रस्ताव है। यह सुविधा अव्यवस्थित पार्किंग को कम कर यातायात को सुचारु बनाएगी तथा व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य गाजियाबाद को NCR के प्रमुख शहर के रूप में और अधिक सशक्त बनाते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर एक मॉडल सिटी के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजनाएं शहर के समग्र विकास को नई दिशा देंगी और नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाएंगी।








