यूपी – गाजियाबाद। 20 फरवरी 2026 को मुख्यालय फ्लैट ओनर फेडरेशन एवं आरडब्ल्यूए फेडरेशन, 133-बी मॉडल टाउन ईस्ट में आयोजित बैठक में मीरपुर हिन्दू गांव, लोनी में कूड़ा डंपिंग के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को पूरी तरह उचित ठहराया गया। फेडरेशन पदाधिकारियों ने नगर निगम पर खुले में कूड़ा डंप कर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2016 की अनदेखी का आरोप लगाया।
चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि ट्रेंच टाइप सेनेट्री लैंडफिल्स बनाने के लिए पिछले दस वर्षों से पत्राचार और प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन नगर निगम ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि ट्रेंच प्रणाली से प्रदूषण, दुर्गंध, आग और बीमारियों पर नियंत्रण संभव है।
मुकेश अग्रवाल ने सवाल उठाया कि यदि आम नागरिक खुले में कूड़ा डालता है तो वह अपराध है, तो नगर निगम की जवाबदेही क्यों तय नहीं होनी चाहिए। गौरव सेनानी ज्ञान सिंह (वैशाली), गौरव सेनानी गणेश दत्त (वसुंधरा), राकेश गुप्ता (इंदिरापुरम) और सिटी जोन से स्वाति बंसल ने कहा कि नगर निगम के पास संसाधनों की कमी नहीं है, जरूरत केवल इच्छाशक्ति की है।
फेडरेशन ने 1 मार्च की महापंचायत में भाग लेने की घोषणा की तथा 1 अप्रैल से गीला-सूखा कूड़ा अलग न देने वालों पर सख्ती की मांग की।







