यूपी – गाजियाबाद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जागृत समाज द्वारा देशभर में हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गोल्फलिंक सोसायटी स्थित सनातन धर्म मंदिर प्रांगण में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रूप नारायण (क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने संघ की स्थापना से लेकर सौ वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ ने हिन्दू समाज को आत्मविस्मृति से बाहर निकालकर समरस और संगठित करने का कार्य किया है। पंच परिवर्तन के माध्यम से संघ समाज जीवन के हर क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष में छोटी इकाई पर इतना बड़ा आयोजन समाज की जागरूकता का प्रतीक है।
मनोकामना पीठ के पीठाधीश्वर जीवन ऋषि महाराज ने कहा कि हिन्दू धर्म विश्व बंधुत्व और विश्व कल्याण का संदेश देता है, इसलिए समाज को अपने धर्म के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम से पूर्व प्रातः कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, चित्रकला व कवितापाठ प्रतियोगिता, बहनों द्वारा रंगोली निर्माण, संघ की सौ वर्षों की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी, सेल्फी पॉइंट तथा संघ साहित्य, पंचगव्य व हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति अध्यक्ष अजय गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति सचिव हरीश सिसोदिया, संरक्षक सुरेंद्र सिंह तेवतिया, अतुल खंडेलवाल, वरदान अग्रवाल, मनोज चौहान, रविंद्र बंसल, पवन गुप्ता, विनोद रावल, रानी गुप्ता, भावना बिष्ट, मीना जोशी, प्रभा सेंगर, रेखा चतुर्वेदी, कविता सैनी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।







