भाजपा पर सपा समर्थित मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाने का आरोप, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी गाजियाबाद ने भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर एक समुदाय विशेष और समाजवादी पार्टी समर्थित मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से अवैध रूप से हटवाने का गंभीर आरोप लगाया है। सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

सपा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर यह ज्ञापन दिया गया है। आरोप है कि भाजपा से जुड़े लोग फार्म-7 में मतदाताओं के नाम व ईपिक नंबर पहले से प्रिंट कर बड़ी संख्या में बीएलओ के पास जमा करा रहे हैं और बीएलओ व ईआरओ पर दबाव बनाकर वैध सपा समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश कर रहे हैं।

सपा के अनुसार सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 63, 64, 66 और मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों में यह गतिविधि सामने आई है। वहीं धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव नाहल में फर्जी बीएलओ बनकर फार्म-7 भरवाने का मामला भी उजागर हुआ, जहां भाजपा मंडल मंत्री बताए जा रहे लोगों के पास से भरे हुए फार्म बरामद हुए। इस प्रकरण में बीएलओ सुनीता, समाजवादी पार्टी के बीएलए और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की।

समाजवादी पार्टी ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 के तहत एफआईआर दर्ज कराने, निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार नोटिस प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित कराने और दोषी बीएलओ/ईआरओ पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।