
यूपी – गाजियाबाद, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हिन्दी भवन में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे दिव्यांग मतदाताओं का बैंड-बाजे के साथ अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्क्रीन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संदेश प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने एसआईएस एवं निर्वाचन कार्य की जानकारी देते हुए नए मतदाताओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आह्वान किया। नन्हे कलाकारों ने सांस्कृतिक, धार्मिक और मतदाता जागरूकता से जुड़े गीतों व नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार है और इसके लिए सबसे पहले मतदाता बनना आवश्यक है। उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों से फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। इस अवसर पर मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी/स्वीप नोडल अभिनव गोपाल, अपर नगरायुक्त राज बहादुर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, एसडीएम अरुण दीक्षित सहित अन्य अधिकारियों ने दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही एसआईआर में सहयोग करने वाले उद्यमियों, निर्वाचन कर्मियों, कलाकारों, प्रबंधकों और संचालकों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।







